
अमर शहीद पं. राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खाँ एवं ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान दिवस के अवसर पर गाँधी स्मारक प्राकृतिक चिकित्सा समिति द्वारा दिनांक 19 दिसम्बर 2025 (शुक्रवार) को केन्द्रीय
गांधी निधि कैम्पस, राजघाट, नई दिल्ली-110002 के मुख्य द्वार पर निःशुल्क प्राकृतिक चिकित्सा एवं एक्यूप्रेशर शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर का संचालन गाँधी स्मारक प्राकृतिक चिकित्सा समिति की को-ऑर्डिनेटर श्रीमती निशा करगेती, समिति की सक्रिय कार्यकर्ता श्रीमती बेबी रावत, श्रीमती बिमला राणा (कोमल) तथा समिति के विशेष सहयोगी, प्रख्यात प्राकृतिक चिकित्सक एवं एक्यूप्रेशर विशेषज्ञ श्री हर्षदेव तोमर जी के मार्गदर्शन में अत्यंत उत्साह एवं सफलतापूर्वक किया गया।





शिविर के दौरान श्री हर्षदेव तोमर जी ने उपस्थित शिविरार्थियों को प्रकृति के अनुरूप जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्राकृतिक चिकित्सा के मूल सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए विशेष रूप से शीत ऋतु में होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान हेतु एक्यूप्रेशर चिकित्सा की उपयोगिता एवं प्रभावशीलता के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर समिति की कार्यकर्ता श्रीमती बिमला राणा ने भी प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा, योग, एक्यूप्रेशर एवं अन्य वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इन पद्धतियों का विधिवत शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त कर व्यक्ति न केवल अपने स्वास्थ्य की रक्षा कर सकता है, बल्कि समाज के अन्य लोगों के स्वास्थ्य संवर्धन में भी योगदान दे सकता है।
शिविर के दौरान समिति की को-ऑर्डिनेटर श्रीमती निशा करगेती ने आगंतुक महानुभावों को संस्था द्वारा प्रकाशित ‘नैसर्गिक जीवन’ मासिक पत्रिका, विभिन्न पाठ्यक्रमों के प्रॉस्पेक्टस तथा अन्य स्वास्थ्य
संबंधी प्रचार सामग्री वितरित कराया। साथ ही उन्होंने संस्था द्वारा संचालित विभिन्न प्रकल्पों एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी साझा की।
शिविर में विशेष रूप से केन्द्रीय गांधी निधि के मंत्री श्री संजय सिंह जी ने एक्यूप्रेशर चिकित्सा का लाभ लिया। उन्होंने समिति द्वारा आयोजित इस उपयोगी शिविर की सराहना करते हुए आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया तथा कहा कि इस प्रकार के शिविर समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए, जिससे आमजन को प्रकृति के साथ सामंजस्यपूर्ण जीवन जीने की प्रेरणा मिल सके। उन्होंने गाँधी स्मारक प्राकृतिक चिकित्सा समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुए आश्वस्त किया कि समिति के सकारात्मक कार्यों के लिए केन्द्रीय गांधी निधि की ओर से यथासंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि 19 दिसम्बर का दिन काकोरी काण्ड के महानायक अमर शहीद पं. राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खाँ एवं ठाकुर रोशन सिंह के बलिदान दिवस के रूप में स्मरण किया जाता है। इस निःशुल्क शिविर के आयोजन के माध्यम से उन वीर सपूतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
शिविर की सफलता पर गाँधी स्मारक प्राकृतिक चिकित्सा समिति के अध्यक्ष डॉ. ए. के. अरुण जी ने समिति के सभी कार्यकर्ताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी शिविरों के आयोजन की प्रेरणा दी।